Maruti Suzuki के शेयरों में आज दिख रही हलचल, किस खबर का दिख रहा असर?

गाड़ी मैनुफैक्चरिंग कंपनी मारुति सुजुकी के शेयरों में आज कुछ हलचल देखने को मिल रही है। मारुति सुजुकी के शेयरों में आज .25% यानी कि करीब 40 रुपये की तेजी देखने को मिली। जिसके बाद शेयर 16,540 रुपये के आस-पास ट्रेड हो रहे थे। मारुति सुजुकी इंडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने गुजरात में भूमि अधिग्रहण और अपनी मैनुफैक्चरिंग क्षमता के विस्तार के लिए 4,960 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मारुति सुजुकी इंडिया ने शेयर मार्केट को दी सूचना में इसकी जानकारी दी।

मारुति सुजुकी के मुताबिक कपंनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने आज हुई अपनी बैठक में गुजरात औद्योगिक विकास निगम से खोराज औद्योगिक एस्टेट में उत्पादन क्षमता के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है और ‘प्रस्तावित क्षमता वृद्धि 10 लाख इकाई तक है।’ कुल निवेश के संबंध में कंपनी ने कहा कि क्षमता स्थापना के चरणों को निर्धारित करते समय इसे अंतिम रूप दिया जाएगा और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा अनुमोदित किया जाएगा। इसमें कहा गया, ‘बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा अनुमोदित भूमि अधिग्रहण, विकास और तैयारी संबंधी गतिविधियों की लागत 4,960 करोड़ रुपये है।’

मारुति सुजुकी इंडिया ने बताया कि आंतरिक आय और बाहरी उधार से इसका वित्तपोषण किया जाएगा। कंपनी ने बताया कि गुरुग्राम, मानेसर, खरखौदा (सभी हरियाणा में) और हंसलपुर (गुजरात में) में इसकी कुल मौजूदा उत्पादन क्षमता लगभग 24 लाख इकाई प्रति वर्ष है, जबकि कुल उत्पादन क्षमता 26 लाख इकाई प्रति वर्ष है। इसमें सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड की उत्पादन इकाइयां भी शामिल हैं जिसका कंपनी में विलय हो चुका है। कंपनी सूचना के अनुसार मौजूदा क्षमता का पूरी तरह से उपयोग किया जा रहा है। सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी ने 2024 में घोषणा की थी कि कंपनी की भारतीय इकाई मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) गुजरात में अपनी दूसरी विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए 35,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 10 लाख इकाई होगी।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)