Infosys, Wipro नहीं, इन 3 आईटी शेयरों पर बुलिश हैं जेपी मॉर्गन, 2 की तो रेटिंग भी कर दी अपग्रेड
IT Stocks to BUY: शेयर बाजार में गिरावट के बीच बुधवार को IT स्पेस में आज जोरदार रैली देखने को मिली. Tata Elxsi में 10.2% की तेज उछाल रही. KPIT Technologies का शेयर 6.5% और Sonata Software 6.2% चढ़ा. Intellect Design Arena में भी 5.4% की मजबूती दर्ज की गई. दिनभर निवेशकों का रुझान आईटी शेयरों में बना रहा. इसके पीछे एक बड़ी वजह ग्लोबल ब्रोकरेज JP Morgan की रिपोर्ट भी रही, जिसमें ब्रोकरेज ने 4 आईटी शेयरों पर राय दी है. इस रिपोर्ट का एक हाइलाइट ये भी है कि टाटा ग्रुप के दो आईटी शेयरों पर रेटिंग भी अपग्रेड की गई है.
Tata Elxsi में रही जोरदार तेजी
बाजार की गिरावट और IT सेक्टर में तेजी के बीच आज Tata Elxsi का शेयर खास चर्चा में रहा. कंपनी के शेयर में इंट्रा-डे में करीब 10.2% की तेज उछाल देखने को मिली. स्टॉक 5851.55 रुपये पर बंद हुआ, जहां यह 508.40 रुपये यानी करीब 9.5% की मजबूती के साथ क्लोज हुआ.
JP Morgan ने Tata Elxsi पर अपनी रेटिंग को अंडरवेट से बढ़ाकर न्यूट्रल कर दिया है. इसके साथ ही ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस को 4000 रुपये से बढ़ाकर 4800 रुपये कर दिया है. ब्रोकरेज के पास कंपनी के लिए कहने को अच्छी बातें भी हैं. अपनी रिपोर्ट में JP Morgan ने FY26 से FY28 के लिए कंपनी के रेवेन्यू एस्टिमेट्स में 1 से 4% तक बढ़ा दिया है. वहीं मार्जिन एस्टिमेट्स को 10 से 100 बेसिस पॉइंट तक और EPS एस्टिमेट्स को 1 से 8% तक बढ़ाया गया है.
क्यों की है रेटिंग अपग्रेड?
अपग्रेड के पीछे सबसे बड़ी वजह यूरोप में ER&D डिमांड में सुधार को बताया गया है. यूरोप Tata Elxsi का सबसे बड़ा मार्केट है और वहां डिमांड में रिकवरी से कंपनी को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा ऑटो सेक्टर में बेहतर डिमांड भी Tata Elxsi के लिए एक पॉजिटिव फैक्टर मानी जा रही है.
हालांकि JP Morgan ने यह भी साफ किया है कि ऑटो सेक्टर का Tata Elxsi के कुल रेवेन्यू में करीब 55% का ही योगदान है. इसकी तुलना में KPIT Tech का ऑटो सेक्टर पर 100% और Tata Technologies का करीब 82% रेवेन्यू निर्भर करता है. इसी वजह से ऑटो सेक्टर में सुधार का फायदा Tata Elxsi को तो मिलेगा, लेकिन उसकी कम ऑटो एक्सपोजर के चलते अर्निंग्स में बड़े अपग्रेड की संभावनाएं सीमित रह सकती हैं.
JP Morgan ने वैल्यूएशन को लेकर भी बदलाव किया है और Tata Elxsi के लिए P/E मल्टीपल टारगेट को 28x से बढ़ाकर 32x कर दिया है, जो लॉन्ग टर्म आउटलुक को लेकर बेहतर भरोसे को दिखाता है.
3 और आईटी शेयरों पर बुलिश JP Morgan
टाटा एलेक्सी के अलावा जेपी मॉर्गन के रडार पर Tata Technologies, L&T, और KPIT Tech भी हैं. ब्रोकरेज ने Tata Technologies पर भी रेटिंग को अंडरवेट से बढ़ाकर न्यूट्रल किया है और टारगेट प्राइस को 570 रुपये से बढ़ाकर 710 रुपये कर दिया है. Tata Tech का शेयर 5.32% चढ़कर 683 रुपये पर बंद हुआ है. शेयर का 52 वीक हाई 912 रुपये और 52 वीक लो 595 रुपये है. कंपनी का मार्केट कैप 27,730 करोड़ का है.
Tata Technology Share Price History
टाटा टेक के प्रदर्शन को देखें तो पिछले 2 सालों में शेयर 41% गिरा है. वहीं, 1 साल में 22% की गिरावट रही है. 6 महीने में 3% और 3 महीने में 4% गिरा है. पिछले 1 हफ्ते में 6.4% की तेजी आई है.
L&T Share Price पर न्यूट्रल की राय
L&T Technology Services पर ब्रोकरेज ने neutral रेटिंग बनाए रखी है और टारगेट 4300 रुपये रखा है. शेयर आज 2.08% की तेजी के साथ 4,392 रुपये पर बंद हुआ. यानी कि शेयर ब्रोकरेज के टारगेट प्राइस के ऊपर ट्रेड कर रहा है.
L&T Share Price History
LTTS के शेयर के रिटर्न की बात करें तो शेयर पिछले 1 साल में 10% गिरा है. 2 सालों में 15%, 6 महीनों में 0.33%, 3 महीनों में 2% और 1 महीने में 3.3% की गिरावट आई है.
KPIT Tech पर ओवरवेट ब्रोकरेज
वहीं KPIT Technologies पर JP Morgan ने overweight रेटिंग बरकरार रखते हुए 1400 रुपये का टारगेट दिया है. शेयर आज 6.05% की तेजी के साथ 1208 रुपये पर बंद हुआ. ये 5 सालों में करीब 800% का रिटर्न देने वाला शेयर है. पिछले 3 सालों में शेयर ने 68% की तेजी दिखी है. लेकिन 2 सालों से शेयर में थोड़ी सुस्ती है. इस अवधि में शेयर करीब 20%, 1 साल में 18% और 6 महीनों में 4% गिरा है. 3 महीने में 3% ऊपर है तो इस हफ्ते करीब 4% चढ़ा है.
कुल मिलाकर, JP Morgan के IT सेक्टर पर आए अपडेट्स से खासकर ER&D स्पेस में निवेशकों का सेंटीमेंट मजबूत हुआ है, जिसका सीधा फायदा आज Tata Elxsi जैसे शेयरों में तेज खरीदारी के रूप में देखने को मिला.
