ABB India Q4 Results: कंपनी के मुनाफे में 18 फीसदी की गिरावट, निवेशकों के लिए 29.59 रुपये के डिविडेंड का ऐलान
Last Updated on February 19, 2026 20:48, PM by Pawan
ABB India ने दिसंबर में समाप्त तिमाही (Q4) के नतीजों का ऐलान कर दिया है।
ABB India ने दिसंबर में समाप्त तिमाही (Q4) के नतीजों का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने एक्सचेंज को दी जानकारी में कहा कि कैलेंडर ईयर 2025 की चौथी तिमाही में कंपनी के मुनाफे में गिरावट देखने को मिली है। इस दौरान एबीबी इंडिया ने 433 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है, जो एक साल पहले इस तिमाही में 528 करोड़ रुपये से18 फीसदी की गिरावट है। कंपनी की आय में 5.7 फीसदी की तेजी देखने को मिली है, जो 3557 करोड़ रुपये पर रही। एक साल पहले इस तिमाही में कंपनी ने 3364 करोड़ रुपये की आय दर्ज की थी।
कंपनी ने कहा तिमाही के दौरान कंपनी का EBITDA 17 फीसदी की गिरावट के साथ 545.6 करोड़ रुपये पर रहा, जो एक साल पहले इस तिमाही में 656.7 करोड़ रुपये पर था। कंपनी का EBITDA मार्जिन साल दर साल 19.5 फीसदी की गिरावट के साथ 15.3 फीसदी पर आ गया है।
डिविडेंड का ऐलान
कंपनी के बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स ने 2 रुपये फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर पर 29.59 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने का ऐलान किया है। इस साल का कुल डिविडेंड 39.36 रुपये प्रति इक्विटी शेयर है, जिसमें 9.77 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का अंतरिम डिविडेंड भी शामिल है। पिछले साल अंतरिम डिविडेंड समेत कुल डिविडेंड 44.16 रुपये प्रति इक्विटी शेयर था।
शेयर का प्रदर्शन
कंपनी का शेयर गुरुवार को 2.83 फीसदी की गिरावट के साथ 5,715 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर में 11.54 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
