FII Data: फरवरी ने पहले 15 दिन में FII ने की ₹19675 करोड़ की नेट खरीदारी, किस सेक्टर के स्टॉक्स में बढ़ाया निवेश
Last Updated on February 19, 2026 16:32, PM by Pawan
हाइलाइट्स
- फरवरी के पहले 15 दिनों में FII की ₹19,675 करोड़ की शुद्ध खरीदारी
- कैपिटल गुड्स, फाइनेंशियल सर्विसेज और ऑयल-गैस सेक्टर में सबसे ज्यादा निवेश
- IT सेक्टर में ₹10956 करोड़ की बड़ी बिकवाली, FMCG और हेल्थकेयर से भी निकासी
पिछले एक साल में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय शेयर बाजार मे लगातार नेट बिकवाली की है। हालांकि साल 2026 में एफआईआई एक बार फिरसे भारतीय शेयर बाजार का रुख कर रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 से 15 फरवरी 2026 के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय शेयर बाजार में कुल मिलाकर 19675 करोड़ की नेट खरीदारी की है।
हालांकि सेक्टरवाइज ट्रेंड काफी अलग-अलग रहे।
इस दौरान आईटी सेक्टर में सबसे बड़ी बिकवाली देखने को मिली, जहां FIIs ने 10,956 करोड़ रुपये की बिकवाली की है। FMCG सेक्टर में भी खास प्रदर्शन नहीं रहा और यहां से 1182 करोड़ रुपये निकाले गए।
हेल्थकेयर में 1051 करोड़ रुपये, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 434 करोड़ रुपये, टेलीकॉम में 106 करोड़ रुपये और टेक्सटाइल सेक्टर में टैरिफ अनिश्चितता के चलते 67 करोड़ रुपये की बिकवाली की गई है।
FII ने कहा की खरीदारी
FIIs ने साइक्लिकल और डोमेस्टिक ग्रोथ से जुड़े सेक्टरों में खरीदारी बढ़ाई। ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स में 511 करोड़ रुपये, केमिकल्स में 642 करोड़ रुपये और रियल्टी सेक्टर में 786 करोड़ रुपये का निवेश आया। कंज्यूमर सर्विसेज में 1066 करोड़ रुपये, सर्विसेज में 1286 करोड़ रुपये और कंस्ट्रक्शन में 1745 करोड़ रुपये नेट खरीदारी FII की ओर से देखने को मिली।
सबसे अधिक निवेश कोर इकोनॉमी और कैपेक्स से जुड़े सेक्टरों में देखा गया। पावर सेक्टर में 3272 करोड़ रुपये, मेटल्स एंड माइनिंग में 3279 करोड़ रुपये, ऑयल, गैस एंड कंज्यूमेबल फ्यूल्स में 4678 करोड़ रुपये, फाइनेंशियल सर्विसेज में 6175 करोड़ रुपये और कैपिटल गुड्स में सबसे ज्यादा 8032 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी देखने को मिली।
