Netweb Technologies: NVIDIA के सहयोग से बनाया नया AI सिस्टम, लॉन्चिंग के बाद शेयर उछले, क्या है ये नई तकनीक?
Netweb Technologies Share Price : आज नेटवेब टेक्नोलॉजीज (Netweb Technologies India Ltd) के शेयर चर्चा में बना हुआ है। कंपनी ने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत दुनिया के सबसे एडवांस AI सुपरकंप्यूटिंग सिस्टम लॉन्च किए हैं, जिसके बाद शेयर बाजार में भी इसके स्टॉक ने करीब 12% की लंबी छलांग लगा दी है।
नेटवेब टेक्नोलॉजीज का ‘एआई धमाका’
नेटवेब टेक्नोलॉजीज ने ‘Tyrone Camarero Spark ‘ और ‘Tyrone Camarero GB200 ‘ नाम के दो शक्तिशाली AI सिस्टम पेश किए हैं। सबसे खास बात यह है कि ये पूरी तरह से भारत में बने हैं और दुनिया की दिग्गज कंपनी NVIDIA की चिप्स से लैस हैं। ‘स्पार्क’ को दुनिया के सबसे छोटे एआई सुपरकंप्यूटर्स में से एक माना जा रहा है, जो आपके डेस्क पर फिट हो सकता है लेकिन 1 पेटाफ्लॉप जितनी जबरदस्त एआई परफॉरमेंस देता है। इस बड़ी खबर के आते ही कंपनी के शेयर NSE पर 4.3% तक बढ़कर ₹3,233 के स्तर पर पहुंच गए।
क्या हैं इन नए AI सिस्टम की खासियतें?
नेटवेब ने जो तकनीक पेश की है, वह केवल वैज्ञानिकों के लिए नहीं बल्कि AI डेवलपर्स के लिए भी गेम-चेंजर साबित हो सकती है।
Tyrone Camarero Spark उन डेवलपर्स के लिए बनाया गया है जो अपने ऑफिस में बैठकर जटिल AI मॉडल्स पर काम करना चाहते हैं। यह NVIDIA के पूरे एआई सॉफ्टवेयर स्टैक और ‘ब्लैकवेल’ (Blackwell) जीपीयू के साथ आता है। इसकी मदद से आप बिना किसी बाहरी क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के, पूरी तरह से अपने ऑफिस में सुरक्षित तरीके से बड़े एआई मॉडल्स चला सकते हैं। यह 200 बिलियन पैरामीटर्स वाले एआई मॉडल्स को हैंडल करने की ताकत रखता है।
हाई-स्पीड ट्रेनिंग के लिए GB200 सिस्टम
दूसरा सिस्टम, ‘Tyrone Camarero GB200’, भारी-भरकम काम जैसे साइंटिफिक कंप्यूटिंग और बड़े एआई मॉडल्स की ट्रेनिंग के लिए बनाया गया है। यह NVIDIA की ‘ग्रेस ब्लैकवेल’ प्लेटफॉर्म पर आधारित है और पिछली पीढ़ी के मुकाबले दोगुनी परफॉरमेंस दे सकता है। इसमें लिक्विड-कूलिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है ताकि काम के दौरान सिस्टम ज्यादा गर्म न हो।
इन सिस्टम्स की एक बड़ी खूबी यह है कि ये ‘कॉन्फिडेंशियल कंप्यूटिंग’ फीचर्स के साथ आते हैं। इसका मतलब है कि एआई प्रोसेसिंग के दौरान आपका डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहता है, जो बैंकिंग या रिसर्च जैसे क्षेत्रों के लिए बहुत जरूरी है।
अगर आप इन मशीनों को अपनी आंखों से देखना चाहते हैं, तो नेटवेब 16 से 20 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली में इनका प्रदर्शन कर रहा है। यहाँ एआई कंप्यूटिंग से लेकर डेटा सेंटर तक के सभी एडवांस मॉडल्स दिखाए जाएंगे।