Mutual Fund NFO Alert: इस हफ्ते खुल रहे हैं 7 एनएफओ, म्यूचुअल फंड की इन स्कीम में क्या है खास?
Mutual Fund NFO : म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए यह हफ्ता काफी खास होने वाला है। अलग-अलग कैटेगरी में कुल 7 नए फंड सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने जा रहे हैं। फंड हाउस आमतौर पर अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को पूरा करने और निवेशकों को नए थीम व एसेट क्लास में निवेश का मौका देने के लिए NFO लॉन्च करते हैं। इस हफ्ते जो फंड आ रहे हैं, उनमें इक्विटी थीमैटिक, ETF, ETF FOF , सिल्वर, ESG और लो ड्यूरेशन डेट फंड शामिल हैं। आइए हर एक फंड के बारे में विस्तार से समझते हैं।
1. Mirae Asset Nifty Metal ETF FOF
Mirae Asset का यह नया फंड उन निवेशकों के लिए है जो मेटल सेक्टर की ग्रोथ स्टोरी में हिस्सा लेना चाहते हैं, लेकिन सीधे शेयर चुनने का रिस्क नहीं लेना चाहते। यह फंड Mirae Asset Nifty Metal ETF में निवेश करेगा और इसका प्रदर्शन NIFTY Metal TRI से जुड़ा रहेगा। मेटल सेक्टर आमतौर पर कैपेक्स साइकिल, इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्लोबल डिमांड से जुड़ा होता है, इसलिए इसमें उतार-चढ़ाव ज्यादा रहता है। यही वजह है कि इस फंड का रिस्क प्रोफाइल काफी हाई है। यह NFO 10 फरवरी से 23 फरवरी तक खुला रहेगा और इसमें कम से कम 5,000 रुपये का निवेश किया जा सकता है।
2. Bajaj Finserv Low Duration Fund
जो निवेशक कम समय के लिए अपेक्षाकृत सुरक्षित विकल्प तलाश रहे हैं, उनके लिए Bajaj Finserv का यह लो ड्यूरेशन फंड एक विकल्प हो सकता है। यह डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश करेगा और पोर्टफोलियो की मैकॉले ड्यूरेशन 6 से 12 महीने के बीच रखी जाएगी। इसका मकसद बेहतर लिक्विडिटी के साथ स्थिर रिटर्न देना है। इस फंड का रिस्क लेवल मॉडरेट रखा गया है, यानी यह इक्विटी फंड्स की तुलना में कम उतार-चढ़ाव वाला होगा। यह NFO 9 फरवरी से 16 फरवरी तक खुला रहेगा।
3. Angel One Silver ETF FOF
सिल्वर में निवेश का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है, खासकर जब निवेशक गोल्ड के साथ-साथ दूसरे कीमती धातुओं में भी डायवर्सिफिकेशन चाहते हैं। Angel One Silver ETF FOF सीधे सिल्वर नहीं खरीदेगा, बल्कि Angel One Silver ETF में निवेश करेगा। इस फंड का प्रदर्शन घरेलू सिल्वर कीमतों से जुड़ा रहेगा। यह NFO 9 फरवरी से 23 फरवरी तक खुला रहेगा। कम निवेश राशि, यानी सिर्फ 500 रुपये से शुरुआत, इसे छोटे निवेशकों के लिए भी आकर्षक बनाती है। हालांकि, कमोडिटी फंड होने की वजह से इसमें जोखिम काफी ज्यादा है।
4. Baroda BNP Paribas ESG Best-in-Class Strategy Fund
ESG यानी Environmental, Social और Governance अब सिर्फ ट्रेंड नहीं, बल्कि लॉन्ग-टर्म निवेश की एक बड़ी थीम बन चुका है। Baroda BNP Paribas का यह फंड उन कंपनियों में निवेश करेगा जो ESG मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करती हैं। यह एक एक्टिवली मैनेज्ड इक्विटी फंड होगा, जिसका मकसद लंबी अवधि में कैपिटल एप्रिसिएशन हासिल करना है। यह फंड 12 फरवरी से 26 फरवरी तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा और इसका बेंचमार्क NIFTY 100 ESG TRI है।
5. ITI Business Cycle Fund
ITI का यह बिजनेस साइकिल फंड उन निवेशकों के लिए है जो इकोनॉमी के अलग-अलग चरणों का फायदा उठाना चाहते हैं। यह फंड बिजनेस साइकिल के हिसाब से सेक्टर और स्टॉक्स में डायनामिक एलोकेशन करेगा। जब ग्रोथ फेज होगा तो इक्विटी एक्सपोजर ज्यादा रहेगा और स्लोडाउन में डिफेंसिव सेक्टर पर फोकस किया जाएगा। यह NFO 13 फरवरी से 27 फरवरी तक खुला रहेगा और इसका रिस्क प्रोफाइल बहुत ऊंचा है।
6. Groww BSE Hospitals ETF
हेल्थकेयर और हॉस्पिटल सेक्टर लंबे समय में एक मजबूत थीम माना जाता है। Groww BSE Hospitals ETF सीधे BSE Hospitals Index को ट्रैक करेगा। इसका मकसद इंडेक्स के समान रिटर्न देना है, हालांकि ट्रैकिंग एरर संभव है। यह फंड उन निवेशकों के लिए है जो हॉस्पिटल और हेल्थकेयर सेक्टर में पैसिव तरीके से निवेश करना चाहते हैं। NFO 11 फरवरी से 25 फरवरी तक खुला रहेगा।
7. Angel One Silver ETF
यह फंड सीधे फिजिकल सिल्वर और सिल्वर से जुड़े इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश करेगा। इसका प्रदर्शन घरेलू सिल्वर कीमतों पर आधारित रहेगा। जो निवेशक अपने पोर्टफोलियो में कमोडिटी एक्सपोजर बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए यह एक विकल्प हो सकता है। हालांकि, कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव के चलते इसमें जोखिम ज्यादा है। यह NFO 9 फरवरी से 19 फरवरी तक खुला रहेगा।