नई दिल्ली: मंगलवार को शेयर बाजार में मंगल ही मंगल हो गया। मार्केट ने खुलते ही लंबी छलांग लगा दी। सुबह 11 बजे तक सेंसेक्स 900 अंकों से ज्यादा चढ़ चुका था। वहीं NSE में भी 250 अंकों से ज्यादा की तेजी आई। मार्केट में इस तेजी के कारण निवेशकों को सुबह-सुबह ही 4 लाख करोड़ रुपये का फायदा हो गया।
सोमवार को भी मार्केट में तेजी आई थी। मंगलवार को भी इसकी शुरुआत हरे निशान से हुई। सेंसेक्स 74,608.66 अंक पर खुला। इसके बाद इसमें और तेजी आती गई। सुबह 11 बजे सेंसेक्स 815.71 अंकों की तेजी के साथ 74,985.66 पर पहुंच गया। यह 901 अंकों की तेजी के साथ 75,071.38 पर पहुंच गया था। वहीं निफ्टी 239.45 अंकों की तेजी के साथ 22,748.20 पर कारोबार कर रहा था। इसमें भी 250 अंकों से ज्यादा की तेजी आ चुकी थी।
कितना हुआ फायदा?
मार्केट में तेजी के कारण कई कंपनियों के शेयर में भी तेजी आई। इससे बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों को मार्केट कैप 4.03 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 397.20 लाख करोड़ रुपये हो गया। यानी निवेशकों को सुबह-सुबह ही 4 लाख करोड़ रुपये का फायदा हो गया।
क्यों आई मार्केट में तेजी?
मंगलवार को शेयर बाजार में तेजी का कारण एशियाई बाजारों में तेजी रही। चीन की अर्थव्यवस्था को लेकर लोगों में उम्मीद जागी है। हालांकि, अमेरिका के टैरिफ, फेड रिजर्व के ब्याज दर पर फैसले और भू-राजनीतिक जोखिमों के कारण सावधानी बरती जा रही है।
किन शेयरों में आई तेजी?
सेंसेक्स में ICICI Bank, Axis Bank, Mahindra & Mahindra, Zomato और Tata Motors के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी आई। वहीं IT सेक्टर के शेयरों में गिरावट रही। टाटा मोटर्स के शेयरों में एक फीसदी से ज्यादा की तेजी आई। कंपनी ने 1 अप्रैल 2025 से अपने कमर्शियल वाहनों की कीमतों में 2% की बढ़ोतरी की घोषणा की है।
कैसी रही ग्लोबल मार्केट की चाल?
मंगलवार को हांगकांग के शेयर 2% बढ़कर तीन साल के उच्च स्तर पर पहुंच गए। इससे एशियाई बाजारों में तेजी आई। निवेशकों को चीन के आर्थिक दृष्टिकोण के बारे में आशावादी होने से यह तेजी आई। हाल के आंकड़ों और खपत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किए गए नीतिगत उपायों ने भी बाजार की धारणा को और बढ़ाया।
