Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में आज 18 मार्च को जोरदार उछाल देखने को मिला। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों अपने एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। सेंसेक्स जहां 1,131 अंक चढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी दोबारा 22,800 के पार पहुंच गया। यह सेंसेक्स और निफ्टी में पिछले 2 महीने में आई सबसे बड़ी तेजी है। इसके चलते निवेशकों की संपत्ति आज 7 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक बढ़ गई। शेयर बाजार की यह तेजी चौतरफा थी। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 2.10 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 2.73 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में रहे। सबसे अधिक खरीदारी ऑटो, बैंकिंग और मेटल शेयरों में देखने को मिली। अब बाजार की नजरें फेडरल रिजर्व की FOMC बैठक पर टिकी हैं, जो मंगलवार और बुधवार को होने वाली है।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 1,131.30 अंक या 1.53 फीसदी की छलांग लगाकर 75,301.26 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयर इंडेक्स, निफ्टी 325.55 अंक या 1.45 फीसदी बढ़कर 22,834.30 पर बंद हुआ।
निवेशकों ने ₹7.22 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 18 मार्च को बढ़कर 400.02 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार 17 मार्च को 392.80 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 7.22 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 7.22 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें जोमैटो (Zomato) के शेयरों में 7.11 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), टाटा मोटर्स (Tata Motors) और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयर 2.71 फीसदी से लेकर 3.25 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के इन 4 शेयरों में रही गिरावट
वहीं सेंसेक्स के सिर्फ 4 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserve) का शेयर 1.33 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं भारती एयरटेल (Bharti Airtel), टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में 0.13 फीसदी से लेकर 0.69% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,825 शेयरों में रही तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,159 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,825 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,210 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 124 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 65 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 294 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
