Share Market Today: उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद शेयर बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स- सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बुधवार 12 मार्च को लगऊग मामूली गिरावट के साथ सपाट बंद हुए। अमेरिकी टैरिफ से जुड़ी अनिश्चतता और कई अहम आर्थिक आंकड़ों के जारी होने से पहले निवेशकों ने बाजार से दूरी बनाये रखने को तरजीह दी। सेंसेक्स 72 अंक गिरकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी खुद को 22,450 के ऊपर बनाए रखने में सफल रहा। हालांकि छोटे और मझोले शेयरों में गिरावट तेज रही। बीएसई स्मॉलकैप और मिडकैप दोनों इंडेक्स आधा फीसदी से अधिक टूट गए। इसके चलते शेयर बाजार में निवेशकों के आज करीब 1.41 करोड़ रुपये डूब गए। सबसे अधिक गिरावट आईटी शेयरों में देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर निफ्टी बैंक में आज 2 दिनों के बाद तेजी का रुख रहा।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 72.56 अंक या 0.098 फीसदी की गिरावट के साथ 74,029.76 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 27.40 अंक या 0.12 फीसदी फिसलकर 22,470.50 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों के ₹1.41 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 12 मार्च को घटकर 392.84 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार 11 मार्च को 394.25 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.41 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.41 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 12 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) के शेयरों में 4.38 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टाटा मोटर्स (Tata Motors), कोटक महिंद्रा बैंक (Koatak Mah Bank), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) और एचडीफएसी बैंक (HDFC Bank) के शेयर 1.60 फीसदी से लेकर 3.18 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट
वहीं सेंसेक्स के बाकी 18 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी इंफोसिस (Infosys) का शेयर 4.28 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), नेस्ले इंडिया (Nestle India), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और एचसीएल टेक (HCL Tech) के शेयरों में 1.91 फीसदी से लेकर 2.80% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,491 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,122 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,494 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,491 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 137 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 63 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 274 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
