Tata Capital IPO: टाटा ग्रुप अपनी फाइनेंशियल सर्विसेज यूनिट टाटा कैपिटल के IPO में 11 अरब डॉलर तक की वैल्यूएशन चाह रहा है। यह बात ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वालों के हवाले से कही गई है। यह IPO इस साल देश का सबसे बड़ा IPO हो सकता है। टाटा कैपिटल लिमिटेड अपने IPO से 2 अरब डॉलर तक जुटा सकती है। लोगों ने कहा कि विचार-विमर्श जारी है और डिटेल्स बदल सकती हैं।
टाटा कैपिटल के बोर्ड ने पिछले सप्ताह 23 करोड़ शेयरों की लिस्टिंग को मंजूरी दी थी। IPO में कंपनी के मौजूदा शेयरहोल्डर्स की ओर से ऑफर फॉर सेल भी रहेगा। इसके अलावा कंपनी ने 15.04 अरब रुपये के राइट्स इश्यू की भी घोषणा की है। टाटा कैपिटल एक नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी है। इसकी वेबसाइट के अनुसार, पूरे भारत में टाटा कैपिटल की 900 से अधिक शाखाएं हैं।
LG इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया भी लिस्ट होने की तैयारी में
भारत का IPO बाजार, शेयर मार्केट में हाल की गिरावट को धता बता रहा है। इस साल एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया भी भारत में लिस्ट होने की तैयारी में है। इसका IPO 1.5 अरब डॉलर का रह सकता है। प्रूडेंशियल पीएलसी ने अपनी भारतीय इकाई के संभावित 1 अरब डॉलर के IPO के लिए बैंकों को काम पर रखा है।
पिछले साल, हुंडई मोटर इंडिया देश में 27,870.16 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे बड़ा IPO लेकर आई थी। यह 2.37 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी अक्टूबर 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई।
