Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में आज 24 फरवरी को बड़ी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी लगातार 5वें दिन गिरकर लाल निशान में बंद हुए। फरवरी महीने में अबतक सेंसेक्स और निफ्टी करीब 4 फीसदी तक टूट चुके हैं। छोटे और मझोले शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.78 और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.31 फीसदी टूटकर बंद हुए। इसके चलते निवेशकों की संपत्ति आज दिन भर में करीब 4.22 लाख करोड़ रुपये डूब गई। ऑटो और FMCG इंडेक्स को छोड़ दें तो बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए। सबसे अधिक गिरावट ऑटो और मेटल शेयरों में देखने को मिली।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 856.66 अंक या 1.14 फीसदी की गिरावट के साथ 774,454.41 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 243.40 अंक या 1.07 फीसदी लुढ़ककर 22,552.50 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों के ₹4.22 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 24 फरवरी को घटकर 397.98 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 21 फरवरी को 402.20 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 4.22 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.22 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 9 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयरों में 1.58 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद कोटक महिंद्रा बैंक (Koatak Mah Bank), मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki), नेस्ले इंडिया (Nestle India) और आईटीसी (ITC) के शेयर 0.64 फीसदी से लेकर 0.21 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट
वहीं सेंसेक्स के बाकी 21 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी एचसीएल टेक (HCL Tech) का शेयर 3.32 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं जोमैटो (Zomato), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस (Infosys) और भारती एयरटेल (Bharti Airtel) के शेयरों में 2.29 फीसदी से लेकर 3.32% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,811 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,200 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,207 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,811 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 182 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 61 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 283 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। stock market news की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
