Uncategorized

टाटा ग्रुप में नई पीढ़ी का दौर शुरू: स्टार बाजार के हेड बने 32 साल के नेविल, ईशा अंबानी को देंगे टक्कर

टाटा ग्रुप में नई पीढ़ी का दौर शुरू हो गया है। 32 साल के नेविल टाटा ने स्टार बाजार के हेड के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। स्टार बाजार टाटा ग्रुप के रिटेल बिजनेस का हिस्सा हैं। नेविल टाटा संस के चेयरमैन एमिरेट्स रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल टाटा के बेटे हैं।

 

नोएल ट्रेंट लिमिटेड के चेयरमैन हैं। नेविल इससे पहले ट्रेंट हाइपरमार्केट के बोर्ड में नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर थे। ट्रेंट लिमिटेड के पास हाइपरमार्केट यूनिट स्टार बाजार के अलावा वेस्टसाइड, जूडियो और जारा जैसे ब्रांड्स हैं। नेविल 2016 से ट्रेंट लिमिटेड से जुड़े हैं। उन्होंने जूडियो का प्रबंधन किया, जो आज देश के प्रमुख अपैरल ब्रांड्स में से एक है।

नेविल आने वाले दिनों में हाइपर मार्केट के सीईओ या एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर बनाए जा सकते है। इस रिटेल इंडस्ट्री में नेविल की सीधी टक्कर ईशा अंबानी से होगी, जो अपने पिता मुकेश अंबानी के नेतृत्व में रिलांयस इंडस्ट्रीज के रिटेल बिजनेस को संभाल रही हैं।

नोएल टाटा की बेटियां भी टाटा ग्रुप में सक्रिय

  • नोएल टाटा की बेटियां लिआ टाटा और माया टाटा भी कंपनी के कामकाज में सक्रिय हैं। 39 साल की लिआ को इंडियन होटल्स के गेटवे ब्रांड की जिम्मेदारी दी गई है।
  • 36 वर्षीय माया नई टेक्नोलॉजी और एनालिटिक्स में दिलचस्पी रखती हैं। टाटा डिजिटल में काम कर रही हैं।
  • लिआ, माया और नेविल भी अपने पिता नोएल टाटा की तरह सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट से संबंधित 5 ट्रस्टों में ट्रस्टी हो गए हैं। इन दो ट्रस्ट की टाटा संस में 66% हिस्सेदारी है।

टाटा को टक्कर देने के लिए अंबानी चीनी कंपनी शीन से टाइअप कर रहे

  • मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज अपैरल सेगमेंट में चीनी कंपनी और दुनिया के सबसे बड़े वेब-ओनली फैशन ब्रांड शीन से जुड़ने जा रही है। गलवान हिंसा के बाद केंद्र ने चीनी एप्स पर प्रतिबंध लगाए थे। शीन को देश से अपना कोरोबार समेटना पड़ा था।
  • अब सरकार के रुख में नरमी के बाद शीन लौट रही है, पर प्लेटफॉर्म डेटा और संचालन रिलायंस के पास रहेगा।
  • 13.84 लाख करोड़ रुपए वाले टाटा ग्रुप की रिटेल यूनिट ट्रेंट की सेल्स कोविड महामारी-पूर्व के स्तर से तीन गुना हो गई है। कंपनी का शुद्ध लाभ 12 गुना बढ़ गया है। रिटेलर के इन-हाउस फास्ट-फैशन ब्रांड जुडियो ने सस्ते दामों पर ट्रेंडी कपड़ों के साथ बड़ी संख्या में युवा ग्राहकों का ध्यान खींचा है। देश में चार साल पहले जूडियो के 80 स्टोर थे। पिछली तिमाही में, 164 शहरों में 560 हो गए।
  • अंबानी ने जूडियो को टक्कर दने के लिए एक साल पहले यूस्टा स्टोर लॉन्च किया था, जहां सब कुछ 999 रु. से कम में है। जून तिमाही में रिलायंस रिटेल बिक्री 8% बढ़ी। 32 साल की ईशा अंबानी कंपनी का रिटेल बिजनेस देख रही हैं।
  • 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक के राजस्व के साथ रिलायंस रिटेल ट्रेंट की 12,586 करोड़ रुपए सालाना फ्रैंचाइजी से बहुत बड़ा है। बीती तिमाही ट्रेंट की बिक्री 56% बढ़ी है।

रिटेल में बड़ा हिस्सा अपैरल का, मार्जिन भी अधिक
कंसल्टिंग फर्म वजीर एडवाइजर्स के अनुसार, सालाना 5% बिक्री की रफ्तार के साथ भारत का रिटेल मार्केट 2026 तक 14.26 लाख करोड़ रुपए का होगा। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा अपैरल का होगा। इसमें फूड और ग्रॉसरी शामिल नहीं है। इनके साथ 2033 तक रिटेल मार्केट 168 लाख करोड़ रुपए का होने का अनुमान है। अभी यह 69 लाख करोड़ रुपए का है।

 

Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top